छत्तीसगढ़
एप्पल स्टोर चोरीकांड: मध्यप्रदेश के देवास से दो और आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
26 Nov 2026 9:05 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर से करीब दो करोड़ रुपये के आईफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चोरी के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय गिरोह के दो अन्य फरार आरोपियों को मध्यप्रदेश के देवास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो एप्पल वॉच और एक एयरपॉड जब्त किया गया है। इस प्रकरण में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक नवंबर 2026 को प्रार्थी ऋषभ डागा ने तेलीबांधा थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि मरीन ड्राइव स्थित उनके आई नेक्स्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर में 31 अक्टूबर और एक नवंबर की दरमियानी रात अज्ञात व्यक्तियों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी दुकान से 173 आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड सहित करीब दो करोड़ रुपये कीमत के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर ले गए थे। इसके अलावा दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी चोरी कर लिया गया था।
प्रार्थी की शिकायत के आधार पर तेलीबांधा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 487/2026 दर्ज किया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी। चोरी की बड़ी वारदात को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान मध्यप्रदेश से जुड़े अंतर्राज्यीय गिरोह की कथित संलिप्तता सामने आई थी।
पुलिस ने पूर्व में गिरोह के कथित सरगना राजेश झाला और चोरी के आईफोन प्राप्त करने के आरोपी सफान खान को गिरफ्तार किया था। राजेश झाला मध्यप्रदेश के देवास जिले का निवासी है, जबकि सफान खान मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले का रहने वाला है। पुलिस की कार्रवाई में अब तक 125 आईफोन और घटना में प्रयुक्त एक दोपहिया वाहन सहित करीब एक करोड़ 50 लाख रुपये कीमत की सामग्री जब्त किए जाने की जानकारी दी गई है।
मामले में दो अन्य आरोपी राजेश लोधी और राज झाला फरार चल रहे थे। पुलिस के अनुसार दोनों लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर संयुक्त टीम ने फरार आरोपियों की तलाश तेज की और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने दोनों फरार आरोपियों को मध्यप्रदेश के देवास जिले से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय राज झाला पिता राजेश झाला और 35 वर्षीय राजेश लोधी पिता बनवारी लोधी के रूप में हुई है। दोनों देवास जिले के टोंकखुर्द थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टोंककला के निवासी हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो एप्पल वॉच और एक एयरपॉड बरामद कर जब्त किया है। इसके साथ ही एप्पल स्टोर में हुई चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या चार हो गई है। करीब दो करोड़ रुपये की चोरी के इस मामले में पुलिस ने अंतर्राज्यीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। फिलहाल पुलिस शेष चोरी गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध तेलीबांधा थाने में दर्ज प्रकरण के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Tagsरायपुर एप्पल स्टोर चोरीदो करोड़ के आईफोन चोरीतेलीबांधा पुलिस कार्रवाईअंतर्राज्यीय चोर गिरोह गिरफ्तारचोर गिरोह गिरफ्तारअंतर्राज्यीय चोरतेलीबांधा पुलिसएप्पल स्टोर चोरीRaipur Apple Store theftiPhones worth Rs 2 crore stolenTelibandha police actioninterstate gang of thieves arrestedgang of thieves arrestedinterstate thievesTelibandha policeApple Store theft
Next Story





