Korba. कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चलती कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंटबाजी और हुड़दंग करना तीन युवकों को महंगा पड़ गया। दीपका मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कार में सवार युवकों द्वारा अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालकर स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद दीपका पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। पुलिस ने संबंधित कार को जब्त कर तीनों युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
मिली जानकारी के अनुसार दीपका मुख्य मार्ग पर मारुति सुजुकी XL6 कार क्रमांक CG 12 BD 7800 में तीन युवक सवार होकर जा रहे थे। वाहन प्रकाश चौहान चला रहा था, जबकि कार में मोहन सिंह और महेंद्र सिंह भी मौजूद थे। इसी दौरान कार में सवार युवकों द्वारा कथित रूप से यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए स्टंटबाजी की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार में चल रही कार की खिड़कियों से दो युवक बाहर की ओर निकले हुए थे और सड़क पर हुड़दंग कर रहे थे। युवकों की इस हरकत से न केवल उनकी स्वयं की सुरक्षा खतरे में पड़ गई थी, बल्कि मुख्य मार्ग से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी दुर्घटना की आशंका बढ़ गई थी।
इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद दीपका थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को संबंधित वाहन और युवकों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने वायरल वीडियो के आधार पर वाहन की पहचान की और उसे जब्त कर लिया। इसके साथ ही कार चालक प्रकाश चौहान सहित मोहन सिंह और महेंद्र सिंह को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद तीनों युवकों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इसी क्रम में दीपका पुलिस ने मुख्य मार्ग और बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए भी अभियान चलाया। सड़क किनारे और बाजार क्षेत्र में अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों के कारण जाम की स्थिति निर्मित हो रही थी। इससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस टीम ने ऐसे वाहनों को सड़क से हटवाते हुए संबंधित वाहन चालकों को समझाइश दी। चालकों को दोबारा अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़ा नहीं करने की चेतावनी भी दी गई। सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े करने से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
दीपका थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय अपनी सुरक्षा के साथ अन्य नागरिकों की सुरक्षा का ध्यान रखना भी प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी, हुड़दंग और यातायात व्यवस्था बाधित करने जैसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। दीपका पुलिस की इस कार्रवाई ने सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक स्टंट करने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को स्पष्ट संदेश दिया है। पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और आम नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।