कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बनर्जी परिवार का विवाद अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के छोटे भाई स्वपन बनर्जी उर्फ बाबुन बनर्जी ने अपने भतीजे और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के खिलाफ कालीघाट थाने में सात पन्नों की शिकायत दी है। उन्होंने पुलिस से अभिषेक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। गुरुवार को दी गई शिकायत में बाबुन बनर्जी ने डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। इनमें आपराधिक धमकी देने, सरकारी पदों पर बैठे व्यक्तियों का अपमान करने और संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ जनता को भड़काने के आरोप शामिल हैं।
बाबुन बनर्जी ने अपनी शिकायत के समर्थन में अभिषेक बनर्जी के सोशल मीडिया पोस्ट और सार्वजनिक बयानों का हवाला दिया है। इनमें 7 नवंबर को फेसबुक पर जारी किया गया एक वीडियो, हाल में मीडिया के सामने दिए गए बयान और 24 सितंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किया गया एक पोस्ट शामिल है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अभिषेक बनर्जी ने अपने बयानों के माध्यम से कलकत्ता हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाना बनाया। बाबुन का आरोप है कि अभिषेक ने न्यायपालिका की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।
बाबुन बनर्जी ने इन बयानों को संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ लोगों को भड़काने वाला बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सात पन्नों की शिकायत में संबंधित बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट का उल्लेख किया है। मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि शिकायतकर्ता और जिनके खिलाफ शिकायत की गई है, दोनों एक ही परिवार के सदस्य हैं। बाबुन बनर्जी रिश्ते में अभिषेक बनर्जी के चाचा हैं। पारिवारिक रिश्तों के बीच पुलिस में शिकायत पहुंचने से यह मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
फिलहाल बाबुन बनर्जी ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। हालांकि, अभी एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों पर अभिषेक बनर्जी की प्रतिक्रिया की जानकारी भी उपलब्ध नहीं है। अब सभी की निगाहें कालीघाट पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
Tags: