ड्यूटी छोड़ शादी में बांट रहा था पत्तल ट्रैफिक जवान, VIDEO वायरल होते लाइन हाजिर
वर्दी में पत्तल बांट रहा था जवान
Patna पटना। बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी में वर्दी पहनकर मेहमानों को खाना परोसना एक होमगार्ड जवान को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पटना ट्रैफिक पुलिस ने जवान के खिलाफ कार्रवाई की है। होमगार्ड जवान सतीश कुमार को ट्रैफिक ड्यूटी से हटाकर जिला मुख्यालय में अटैच कर दिया गया है। इसके साथ ही उनसे मामले में स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को पटना जिले के नदवां गांव में हुई थी। विवाह समारोह में बड़ी संख्या में मेहमान शामिल हुए थे। समारोह के आसपास यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मियों और होमगार्ड जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक होमगार्ड जवान वर्दी पहनकर शादी समारोह में मेहमानों को पत्तल बांटते और खाना परोसते नजर आया। बताया जा रहा है कि संबंधित जवान को यातायात व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी दी गई थी।
वीडियो सामने आने के बाद पटना ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। जांच के दौरान जवान की पहचान होमगार्ड सतीश कुमार (BHG-103755) के रूप में हुई। इसके बाद ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने कार्रवाई करते हुए जवान को ट्रैफिक ड्यूटी से हटा दिया। सतीश कुमार को अगले आदेश तक पटना जिला मुख्यालय में अटैच किया गया है। साथ ही ड्यूटी के दौरान निजी समारोह में मेहमानों की सेवा करने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, सरकारी ड्यूटी के दौरान निजी समारोह में वर्दी पहनकर पत्तल बांटना और खाना परोसना अनुशासनहीनता के दायरे में आता है। इसी आधार पर जवान के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई है। गौरतलब है कि अनंत सिंह की बेटी की शादी अपने भव्य आयोजन को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। शादी में घुड़दौड़, आकर्षक पंडाल और विशाल भोज की भी चर्चा रही। करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था किए जाने की बात भी सामने आई थी। हालांकि, अब होमगार्ड जवान के वायरल वीडियो और उस पर हुई विभागीय कार्रवाई ने इस शादी को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।