घुमारवीं। शिवा इंटरनेशनल स्कूल घुमारवीं में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के सातवें दिन परमवीर चक्र विजेता सूबेदार मेजर मानद कैप्टन संजय कुमार ने विद्यार्थियों को प्रेरक संबोधन दिया। उन्होंने अपने जीवन के संघर्ष, सैन्य अनुभवों तथा कारगिल युद्ध की वीरगाथाएं साझा कीं। उन्होंने बताया कि भारत में अब तक 21 वीर सैनिकों को परमवीर चक्र से सम्मानित किया जा चुका है, जिनमें वर्तमान समय में केवल तीन ही जीवित हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त है। उनके प्रेरक संबोधन से विद्यार्थियों में देशभक्ति, साहस और राष्ट्रसेवा की भावना का संचार हुआ। विद्यालय के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर आयुष शर्मा ने कहा कि परमवीर चक्र विजेता संजय कुमार का विद्यालय आगमन पूरे शिवा इंटरनेशनल स्कूल परिवार के लिए गौरव और सम्मान का विषय है।