Market. मंडी। मंडी में चिट्टा माफिया की सूचना देने पर 20 हजार मिलेगा। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक में स्पष्ट किया गया कि चिट्टा तस्करी से जुड़े लोगों की सूचना देने वालों को प्रदेश सरकार की ओर से 20 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। नागरिक ई-मेल और व्हाट्सएप के माध्यम से भी जानकारी साझा कर सकेंगे। नशे के विरूध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए प्रशासन ने हर विभाग को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। डीसी से लेकर एडीसी, एसपी, एडीएम और एएसपी को फील्ड में जाने के निर्देश हुए हैं।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय एनकॉर्ड समिति के निर्देशों के अनुसार पूरे प्रदेश में चिट्टे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति लागू की गई है। मंडी जिला में भी सभी विभागों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए नशा तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। डॉ. मदन कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशा मुक्त मंडी के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक बैठक में सक्रिय भागीदारी और बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए। बैठक में नागरिकों से ड्रग फ्री हिमाचल ऐप तथा 1800-11-0031, 1933 और 14446 हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर नशा रोकथाम, परामर्श और उपचार सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की गई। प्रशासन का मानना है कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई तभी सफल होगी जब समाज का हर वर्ग इसमें भागीदारी निभाएगा। नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए जिला में जल्द ही वॉकाथॉन आयोजित की जाएगी।