BREAKING: देर रात 16 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या

इलाके में तनाव; हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

Update: 2026-06-24 18:55 GMT
Delhi दिल्लीउत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर थाना क्षेत्र स्थित गौतमपुरी इलाके में 16 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान लकी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जिसके चलते पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को गौतमपुरी क्षेत्र में कुछ अज्ञात हमलावरों ने लकी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सीलमपुर थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आपसी रंजिश और स्थानीय विवाद समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। किशोर की हत्या से परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि स्थानीय लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
Tags:    

Similar News