सीएम का ब्लड प्रेशर जांचने हॉस्पिटल की मशीन लेकर विधानसभा पहुंचे विधायक, अनोखी तस्वीर आई सामने

देखें VIDEO

Update: 2021-03-09 06:45 GMT

बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान दोनों सदनों में अजीब से नजारे देखने को मिल रहे हैं. कभी विरोध के नाम पर RJD समेत विपक्षी दलों के विधायक प्याज और गैस सिलेंडर के साथ विधानसभा पहुंच रहे हैं तो कभी तेजस्वी यादव साइकिल और ट्रैक्टर के साथ. इस बीच मंगलवार को राजद के एक विधायक विधानसभा में आला और बीपी मशीन के साथ पहुंचे. मामला राजद के विधायक डॉ. मुकेश रौशन से जुड़ा है जो मंगलवार को अचानक से सदन की कार्यवाही में भाग लेने के लिए आला और बीपी मशीन लेकर विधानसभा पहुंचे. पत्रकारों ने राजद विधायक मुकेश से पूछा कि यह तो विधानसभा है न कि अस्पताल, फिर आप यहां बीपी मशीन और आला लेकर क्यों आए हैं? इस पर राजद विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ब्लड प्रेशर नापने के लिए मैं यह मशीन लेकर आया हूं.

मालूम हो कि बिहार विधानपरिषद की कार्यवाही के दौरान सोमवार को नीतीश कुमार राजद एमएलसी पर आगबबूला हो गए थे. विधानपरिषद के भीतर जब तारांकित प्रश्न का जबाब ग्रामीण कार्य मंत्री दे रहे थे, उस समय आरजेडी एमएलसी सुबोध राय के खड़े होते ही नीतीश कुमार गुस्सा गए और बैठने को कहा. नीतीश कुमार ने सदस्यों को सदन के नियम-कानून जानने की बात कही.

नीतीश कुमार ने कहा, 'मैं जब खड़ा हूं तो आप बैठो.' आरजेडी एमएलसी मोहम्मद फारुख ने सड़क की बदतर हालात पर सवाल किया था, जिसका जवाब ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज दे रहे थे. मंत्री के जबाब के बाद जब माहम्‍मद फारुख दोबारा पूरक सवाल करने के लिये खड़े हुए तो आरजेडी एमएलसी सुबोध राय भी खड़े हो गए और अपना सप्लीमेंट्री सवाल करने लगे. बस फिर क्या था नीतीश कुमार अपनी सीट से उठकर हिदायत देने लगे कि पहले पूरक प्रश्न का जबाब मंत्री का हो जाना चाहिए फिर कोई सवाल करे. सोमवार को नीतीश कुमार को नियमों को लेकर राजद के सदस्य को डांटने के अंदाज में समझाया था. इसके बाद से ही विपक्ष के नेता नीतीश कुमार पर उम्र के हावी होने और बीपी बढ़ने जैसी बात कहते दिखे थे.


Tags:    

Similar News