चंबा। ऐतिहासिक चौगान मैदान चंबा में आयोजित तीन दिवसीय मेगा प्रदर्शनी आत्मनिर्भर भारत – थर्ड डेस्टिनेशन हिमाचल एक्सपो 2026 का रविवार को समापन हो गया है। समापन समारोह के अवसर पर एसडीएम चंबा चिराग शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने एक्सपो परिसर में विभिन्न मंत्रालयों, विभागों एवं वैज्ञानिक संस्थानों की ओर से लगाए गए सभी स्टालों का अवलोकन कर प्रदर्शित तकनीकों, नवाचारों और कल्याणकारी योजनाओं विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान एसडीएम ने प्रदर्शनी के दौरान बेहतरीन कार्य करने वाले प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया। एसडीएम चिराग शर्मा ने अपने संबोधन में चंबा जैसे दूरदराज क्षेत्र और चंबा के हृदय स्थल ऐतिहासिक चौगान में इस स्तर के राष्ट्रीय आयोजन के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सुदूरवर्ती क्षेत्र में ऐसा नवाचार और राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध होना अपने आप में बेहद दुर्लभ और सराहनीय है। उन्होंने रेखांकित किया कि स्थानीय प्रशासन का भी यही दायित्व रहता है कि जिले की स्थानीय प्रतिभाओं, कारीगरों और उत्पादों को एक बेहतर मंच व राष्ट्रीय एक्सपोजर मिले।
एसडीएम ने आगे कहा कि विभिन्न विभागों द्धारा प्रस्तुत नीतियां और योजनाएं बडे पैमाने पर लोगों तक पहुंची हैं, जिससे आम जनमानस और स्थानीय लोगों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ उठाने की प्रेरणा मिलेगी। इसरो और अन्य वैज्ञानिक संस्थानों की उपलब्धियों को करीब से देखने से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और नए विचारों का संचार हुआ है, जो भविष्य में उनके विकास की नींव बनेगा। इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में केंद्र के लगभग 20 मंत्रालयों सहित इसरो, सीएसआईआर, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय और आईसीएआर जैसे प्रमुख संस्थानों की सहभागिता रही। इसके साथ ही चंबा थाल, चंबा रुमाल और चंबा चप्पल जैसे स्थानीय पारंपरिक हस्तशिल्प और कला के संवर्धन पर भी विशेष बल दिया गया है। आविष्कार एग्जिबिशन की ओर से एसडीएम को शाल व टोपी पहनाकर तथा स्मृति चिंह भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। आविष्कार एग्जिबिशन की ओर से मनी तिवारी ने राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, संरक्षक डा. राजीव भारद्धाज, उपायुक्त चंबा मुकेश रेपस्वाल सहित सभी सहयोग करने वालों का आभार भी प्रकट किया।
Tags: