कालका-शिमला हाई-वे पर दतियार में बड़ा हादसा

Update: 2026-06-26 11:22 GMT
Parwanoo. परवाणु। कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर गुरुवार तडक़े एक दर्दनाक सडक़ हादसा पेश आया, जिसमें बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दतियार के खतरनाक मोड़ पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से जा टकराई। प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवक सोलन से कालका की ओर जा रहे थे। तडक़े करीब साढ़े तीन बजे हुए इस हादसे में टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवक लगभग 80 फुट गहरी खाई में जा गिरे, जबकि एक युवक हाईवे पर ही गिर पड़ा। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। तीनों को तुरंत ईएसआई अस्पताल, परवाणु पहुंचाया गया।

जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि घायल युवक कालका क्षेत्र के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है, जिससे चालक दतियार मोड़ पर बाइक पर नियंत्रण नहीं रख पाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक मोड़ पर संतुलन खो बैठा। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस के साथ मिलकर घायलों को खाई से बाहर निकाला, जिससे समय रहते उन्हें अस्पताल पहुंचाया जा सका।
Tags:    

Similar News