मेष राशिफल, खानपान और दिनचर्या पर दें ध्यान

मेष राशि वाले आज तीन बातें याद रखें। पहली, सेहत और दिनचर्या पर ध्यान दें क्योंकि समय पर भोजन न करना या देर रात तक जागना आज भारी पड़ सकता है। अगर कोई नशा करते हैं तो इस कारण तबीयत काफी बिगड़ सकती है। दूसरी, घर और माता जी से जुड़े किसी पुराने मसले पर आज बैठकर बात करना आसान रहेगा। परिवार का साथ मिलेगा और मन को सुकून मिलेगा। तीसरी, साझेदारी या खरीदारी में जल्दबाजी न करें। किसी भी कागज पर बिना पढ़े दस्तखत न करें। मित्र की मदद से कोई अटका हुआ काम आगे बढ़ सकता है, लेकिन उधार देने से बचें। प्रेम जीवन और बच्चों के साथ बेवजह की तकरार से दूर रहें। शाम के बाद खर्च पर हाथ रोकें और मोबाइल पर देर तक समय न बिताएं।

 वृषभ राशिफल, सुबह के समय निपटाएं अधूरे काम

वृष राशि वाले सुबह की शुरुआत पुराने अधूरे कामों से करें। खासकर बैंक या कागज से जुड़े किसी काम के लिए अचानक बाहर जाना पड़ सकता है, इसलिए जरूरी दस्तावेज पहले से साथ रख लें। दोपहर में राहुकाल, यानी पौने ग्यारह से सवा बारह के बीच कोई नया सौदा या बड़ा भुगतान न करें। अभिजीत मुहूर्त में कही गई बात का असर अच्छा रहेगा, इसलिए जरूरी बातचीत उसी समय करें। दोपहर बाद बच्चों या पढ़ाई से जुड़ी कोई अच्छी खबर मिल सकती है और प्रेम जीवन में चल रही पुरानी नाराजगी आज कम होगी। शाम का समय घर में सजावट या खरीदारी करने में निकल सकता है। मेहमानों के आने के योग बन सकते हैं। जरूरत से ज्यादा खर्च न करें, क्रेडिट कार्ड से लोन न लें। रात में खाली बैठकर बेकार की चिंता न पालें। परिवार के साथ समय बिताएं।

 मिथुन राशिफल, घर के मामलों में बेवजह बहस न करें

मिथुन राशि वालों की आज घर में किसी बात पर बहस हो सकती है। इसलिए घर के किसी मामले में बेवजह शक करने से बचें और पूरी बात सुने बिना राय न बनाएं। पैसों के लिए दिन ठीक है। अपनी बोलचाल से आप धन से जुड़े किसी मामले को आज सुलझा सकते हैं। मगर शेयर मार्केट में उतार-चढ़ाव का असर आपकी बचत पर पड़ सकता है, इसलिए पैसा लगाते समय जल्दबाजी न करें। बॉस या सरकारी काम में थोड़ा धीमापन रहेगा, धैर्य रखें। जरूरी बात ईमेल में लिखकर भेजें। प्रेम और बच्चों के लिए दिन अच्छा है। रचनात्मक काम और पढ़ाई में मन लगेगा, लेकिन नए शौक पर पैसा बहाने से बचें। माता जी की तबीयत का ध्यान रखें और ठंडा बासी खाना न खाएं।

 कर्क राशिफल, वाहन चलाते समय रफ्तार पर रखें काबू

कर्क राशि वाले अगर आज किसी छोटी यात्रा पर निकल रहे हैं, तो वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें। नियमों का पालन करें, क्योंकि जल्दबाजी में हुई छोटी सी चूक भी भारी पड़ सकती है। अगर भाई-बहन या पड़ोसी से किसी बात पर अनबन चल रही है, तो आप खुद पहल करके फोन कर लें, बात बन जाएगी। अगर आपने कोई बीमा या कागजी काम टाल रखा है, तो आज दस्तावेज दोबारा जांच लें, कोई जरूरी कागज छूटा हो सकता है। अगर आज किसी बात का अंदाजा पहले ही हो जाए, तो उसे हल्के में न लें, आपका सिक्स्थ सेंस अच्छा रहेगा। घर में किसी बुजुर्ग की तबीयत ढीली लगे, तो डॉक्टर की सलाह में देर न करें। आत्मविश्वास बनाए रखें। बोलचाल में संयम जरूर रखें।

सिंह राशिफल, कड़वा बोलने से बचें वर्ना रिश्तों में आएगी तल्खी

सिंह राशि वाले सुबह उठकर आज के खर्च की सूची बना लें। आंखों और खानपान का ध्यान रखें और परिवार के साथ बैठकर भोजन करें। कड़वा बोलने से बचें क्योंकि आवाज में तल्खी आज रिश्तों में दरार डाल सकती है। बाहर रहने वाले किसी व्यक्ति से जुड़कर काम आगे बढ़ाएं, दूर के क्लाइंट या रिश्तेदार से बातचीत फायदेमंद रहेगी। जल्दी पैसे कमाने वाली किसी स्कीम के झांसे में आने से बचें। खासकर जब कोई दोस्त या रिश्तेदार बढ़ा चढ़ाकर बताए। जीवनसाथी या बिजनेस पार्टनर की बात ध्यान से सुनें। खाली बैठने से बचें क्योंकि चिंता और बेकार की सोच बढ़ सकती है। सिर और नींद का ध्यान रखें, तेज धूप या शोर से बचें और रात को समय पर सोएं। शुभ रंग: नारंगी । शुभ अंक: 1उपाय: लाल फूल डालकर सूर्यदेव को तांबे के लोटे से जल अर्पित करें।

कन्या राशिफल, मन की हलचल पर रखें नजर

कन्या राशि वाले आज सबसे पहले अपने मन और स्वभाव पर नजर रखें, क्योंकि भीतर उथल-पुथल रहेगी। छोटी बात पर चिड़चिड़ाहट या बेवजह की सोच हावी हो सकती है। कोई बड़ा फैसला आज न लें। खासकर यदि वह निवेश या नौकरी बदलने का हो तो। शेयर मार्केट में जल्दबाजी में पैसा न लगाएं। बोलने से पहले दो बार सोचें। लहजे की तल्खी बनता काम बिगाड़ सकती है। रात को नींद में खलल पड़े, तो सोने से पहले मोबाइल दूर रख दें। जीवनसाथी या साझेदार से किसी बात पर मतभेद हो तो बहस न बढ़ाएं। दिन का दूसरा पहलू अच्छा है। मित्रों और बड़े भाई-बहन का सहयोग मिलेगा। कोई रुका हुआ लाभ हाथ आ सकता है और पैसों के मामले में आपकी समझदारी काम आएगी। शुक्रवार की शाम घर में कुछ मीठा बनाएं, मन हल्का होगा।

तुला राशिफल, आत्मविश्वास बढ़ेगा, बिना सोचे खर्च से बचें

तुला राशि वाले जातक पुराने रिश्ते या पुरानी बातों को दोबारा उखाड़ने से बचें। आज मन में दबी कोई बात बाहर आ सकती है। बिना सोचे खरीदारी करने से बचें। शुक्रवार को सजने-संवरने और शौक पर खर्च बढ़ सकता है, इसलिए बजट तय करके निकलें। शेयर मार्केट में भावनाओं में बहकर पैसा न लगाएं। अपनी बात आत्मविश्वास से रखें, आज आपका व्यक्तित्व असर छोड़ेगा और लोग आपकी सलाह मानेंगे। करियर की कोई जरूरी बातचीत अभिजीत मुहूर्त, यानी दोपहर पौने बारह से साढ़े बारह के बीच करें। खानपान सादा रखें और शारीरिक सेहत का ध्यान रखें क्योंकि कंधे या गर्दन का दर्द उभर सकता है। शाम को कुछ देर शांत बैठकर पूजा या ध्यान करें, खर्च और नींद दोनों संतुलित रहेंगे। घर लौटते समय वाहन धीमे चलाएं और आज किसी को उधार न दें।

वृश्चिक राशिफल, बड़े बुजुर्ग की सलाह काम आएगी

वृश्चिक राशि वाले जातकों के लिए किसी बड़े बुजुर्ग, गुरु या अनुभवी व्यक्ति की सलाह काम आएगी। और धार्मिक स्थल जाने का मन बन सकता है। कमाई में फायदा मिल सकता है। मित्रों के जरिए कोई लाभ या रुका हुआ भुगतान मिल सकता है। मगर, शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव को देखकर ही पैसा लगाएं, जल्दबाजी न करें। करियर में रुकावट आ सकती है। लिहाजा, बॉस से किसी बात पर असहमति हो तो आज चुप रहना बेहतर होगा। घर का माहौल ठीक रहेगा। हालांकि, घर या जमीन से जुड़ा कोई कागजी मसला उलझ सकता है, इसलिए बिना जांचे दस्तखत न करें। देर रात जागने से बचें और बच्चों की पढ़ाई पर नजर बनाए रखें। शुभ रंग: मैरून । शुभ अंक: 4उपाय: लाल मसूर की दाल का दान करें।

धनु राशिफल, सुबह दफ्तर में सक्रिय रहें

धनु राशि वाले सुबह दफ्तर या कारोबार में समय से पहुंचें। बॉस या सरकारी काम से जुड़ी कोई जरूरी बातचीत पहले ही निपटा लें, क्योंकि पूरे दिन का माहौल उसी पर टिकेगा। दोपहर में मित्रों के जरिए लाभ के कुछ मौके मिल सकते हैं। राहुकाल में सुबह 10:46 से दोपहर 12:14 बजे तक कोई नई शुरुआत न करें। बाहर रहने वाले किसी व्यक्ति से जुड़कर काम आगे बढ़ेगा। दोपहर बाद अचानक कोई दस्तावेज, बीमा या ससुराल पक्ष से जुड़ी बात सामने आ सकती है, उसे शांति से संभालें। शाम को घर लौटकर माता जी और बुजुर्गों से बात करें। वाहन की देखभाल करें। घर की किसी पुरानी चीज की मरम्मत पर खर्च निकल सकता है। रात को गुप्त बातें किसी से साझा न करें और खाली बैठकर चिंता न बढ़ाएं।

 मकर राशिफल, साझेदारी में पारदर्शिता रखें

मकर राशि वाले आज तीन बातों पर ध्यान दें। पहली, साझेदारी और जीवनसाथी के साथ रिश्ते में पारदर्शिता रखें और पैसे का कोई भी लेन-देन लिखित में करें। कारोबारी सहयोग मिलने की अच्छी उम्मीद है। दूसरी, लंबी यात्रा या तीर्थ का कार्यक्रम हो तो निकलने से पहले वाहन की जांच कर लें और गति पर नियंत्रण रखें। तीसरी, करियर में कोई पुराना प्रस्ताव दोबारा खुल सकता है या नई जिम्मेदारी मिल सकती है। उसे ठुकराएं नहीं। भाई-बहन या पड़ोसी से हल्की नोकझोंक संभव है। परिवार की धन संबंधी बात में आज चुप रहना ठीक रहेगा। रात का खाना हल्का रखें।

 कुंभ राशिफल, कागजी कार्रवाई को लेकर सतर्क रहें

कुंभ राशि वाले आज सबसे ज्यादा सावधानी कागजी कार्रवाई के दौरान रखें। बीमा और टैक्स से जुड़े काम निकल सकते हैं। अपने गुप्त विषय और राज की बातें किसी से न कहें। कोई जरूरी दस्तावेज इधर-उधर हो सकता है और बैंक या कागज से जुड़े किसी काम के लिए अचानक बाहर जाना पड़ सकता है। ससुराल पक्ष की कोई बात अचानक सामने आए तो तुरंत प्रतिक्रिया न दें। जीवनसाथी से बहस न बढ़ाएं, क्योंकि छोटी बात बड़ा रूप ले सकती है। उधार लेकर शेयर बाजार में पैसा न लगाएं। कोई पुरानी परेशानी या कर्ज का बोझ हल्का होता दिखेगा। नौकरी में सहकर्मी साथ देंगे और भाग्य के मामलों में मित्रों की सलाह काम आएगी। लंबी यात्रा की योजना बन सकती है। शाम को परिवार के साथ बैठें, मन शांत होगा।शुभ रंग: स्लेटी । शुभ अंक: 10उपाय: कुत्ते को सरसों का तेल लगी रोटी खिलाएं।

मीन राशिफल, संतान पक्ष से मिल सकती है अच्छी खबर

मीन राशि वाले लोगों के घर में अगर बच्चे हैं या कोई विद्यार्थी है, तो आज उनसे जुड़ी अच्छी खबर मिल सकती है। लग्नेश गुरुदेव की शुभता से रचनात्मक काम में भी सफलता मिलेगी। आप जिससे प्रेम करते हैं, उससे अपनी बात खुलकर कहें। जीवनसाथी या बिजनेस पार्टनर से किसी बात पर मनमुटाव हो सकता है। आज गड़े मुर्दे न निकालें, वर्ना बात बिगड़ सकती है। अगर आप कोई नया निवेश सोच रहे हैं, तो जल्दबाजी न करें। जल्दी पैसे कमाने वाली किसी स्कीम के झांसे में न आएं। अगर किसी बात का अंदाजा पहले ही हो जाए, तो उसे नजरअंदाज न करें, आज आपका सिक्स्थ सेंस बहुत अच्छा रहेगा। अचानक बड़ा खर्च आ सकता है या किसी वजह से अस्पताल जाना पड़ सकता है। घबराएं नहीं और धैर्य बनाए रखें।


Tags: