लखनऊ। पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की फ्लाइट खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। घटना के समय विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर था। बिजली गिरने से विमान के नोज हिस्से को नुकसान पहुंचा, लेकिन पायलट ने सूझ-बूझ दिखाते हुए विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया। विमान में सवार सभी 150 यात्री सुरक्षित बताए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E925 ने पटना एयरपोर्ट से दोपहर करीब 3:10 बजे उड़ान भरी थी। विमान को शाम 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था। खराब मौसम के बीच उड़ान के दौरान विमान आकाशीय बिजली की चपेट में आया। बिजली गिरने के बाद विमान के नोज हिस्से में क्षति की बात सामने आई। स्थिति को देखते हुए पायलट ने विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला किया। फ्लाइट ने शाम करीब 4:05 बजे सुरक्षित लैंडिंग की।
सभी यात्री सुरक्षित
विमान में करीब 150 यात्री सवार थे। सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को विमान से उतार लिया गया। किसी यात्री के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। लैंडिंग के बाद विमान को आगे की उड़ान के लिए रोक दिया गया और उसकी तकनीकी जांच शुरू की गई। इंजीनियरों की टीम विमान के नोज और अन्य हिस्सों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आकाशीय बिजली से कितना नुकसान हुआ है।
अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट भी प्रभावित
यही विमान लखनऊ से अहमदाबाद के लिए 6E6968 के रूप में उड़ान भरने वाला था। तकनीकी दिक्कत के कारण इसे लखनऊ एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। इंडिगो ने अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की। इसके बाद सभी यात्रियों को वैकल्पिक विमान से शाम करीब 6:22 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना किया गया।
इंजीनियर कर रहे जांच
फिलहाल क्षतिग्रस्त विमान की तकनीकी जांच जारी है। इंजीनियर यह देख रहे हैं कि बिजली गिरने से विमान के बाहरी हिस्से के अलावा किसी अन्य सिस्टम पर प्रभाव पड़ा है या नहीं। एयरलाइन की ओर से विमान को पूरी तकनीकी जांच और सुरक्षा मंजूरी के बाद ही दोबारा सेवा में शामिल किया जाएगा। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और पायलट की समय पर कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।