‘मेरे पास कार तक नहीं’, जज की ‘मर्सिडीज’ टिप्पणी पर सांसद का पलटवार
वेंकटेशन का तीखा जवाब
CHENNAI चेन्नई। मद्रास हाई कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस जीआर स्वामीनाथन की टिप्पणियों पर माकपा सांसद एस. वेंकटेशन ने आपत्ति जताई है। मदुरै से लोकसभा सदस्य ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि उनके पास अपनी कार तक नहीं है। उन्होंने अपनी जीवनशैली पर की गई टिप्पणियों को पूर्वाग्रह से प्रेरित व्यक्तिगत हमला बताया।
जस्टिस स्वामीनाथन ने सोमवार को खुली अदालत में सुनवाई के दौरान सांसद से चेन्नई रेलवे स्टेशन पर हुई मुलाकात का उल्लेख किया था। उन्होंने कहा था कि वेंकटेशन महंगी मर्सिडीज-बेंज कार से पहुंचे थे और प्रथम श्रेणी वातानुकूलित डिब्बे में यात्रा कर रहे थे, जबकि वह स्वयं आमतौर पर शयनयान श्रेणी में सफर करते हैं। इसके जवाब में वेंकटेशन ने कहा कि स्टेशन पहुंचने के लिए इस्तेमाल की गई कार उनकी नहीं थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेल यात्रा में उन्होंने केवल उन्हीं सुविधाओं का उपयोग किया, जिनके वह सांसद के रूप में हकदार हैं।
वेंकटेशन ने किसी नेता की ईमानदारी या उसके विचारों को यात्रा की श्रेणी से जोड़ने पर भी सवाल उठाया। उनका कहना था कि प्रथम श्रेणी में यात्रा करने से किसी की दलील गलत नहीं हो जाती और शयनयान में यात्रा करने मात्र से कोई सही नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि तथ्यों की जांच किए बिना सतही जानकारी के आधार पर आलोचना करना पूर्वाग्रह दर्शाता है। अपनी विचारधारा पर गर्व जताते हुए उन्होंने कहा कि साम्यवाद ने उन्हें सवाल करना सिखाया है।
न्यायाधीश की टिप्पणियां तमिलनाडु के सार्वजनिक पुस्तकालयों के लिए पुस्तकों की खरीद में कथित अनियमितताओं से संबंधित अवमानना याचिका की सुनवाई के दौरान आई थीं। उन्होंने न्यायिक जिम्मेदारियों पर वेंकटेशन की हालिया टिप्पणियों पर आपत्ति जताई थी। वहीं, सांसद ने कहा कि किसी व्यक्ति की पहचान उसके विचारों और कार्यों से होती है।