सिरोही। सिरोही रोहिड़ा थाना क्षेत्र के राम बावड़ी में मामूली कहासुनी के बाद शराब के नशे में पति ने टोपीदार बंदूक से पत्नी के उपर फायर कर दिया। जिससे उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर उसके परिजनों ने गम्भीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए स्वरूपगंज सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उच्च इलाज के लिए गुजरात रेफर किया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार रोहिडा थाना क्षेत्र के राम बावड़ी निवासी लादाराम पुत्र रामाराम गमेती गुरुवार दोपहर को शराब के नशे में उसकी पत्नी इंदिरा देवी से बहस करने लगा तथा नशे में धुत होकर उसने घर में रखी टोपीदार बंदूक से उसकी पत्नी के ऊपर फायर कर दिया। फायर होते ही छर्रे लगने से पत्नी नीचे गिर पड़ी। पत्नी को घायल हालत में छोडकर लादाराम बंदूक घटना स्थल पर फेंक कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही इंदिरा के परिजन घटना स्थल पहुंचे। उन्होंने उसे इलाज के लिए स्वरूपगंज सरकारी अस्पताल पहुंचाया, वहां मौजूद चिकित्सक ने उसका इलाज शुरू किया तथा हालत ज्यादा गम्भीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के पश्चात रेफर कर दिया। जिस पर उसके परिजन उसे लेकर पालनपुर गुजरात के लिए रवाना हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही थाने के हैड कांस्टेबल कांतिलाल सहित घटना स्थल पहुंचे तथा मौका मुआयना करने के साथ ही आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू की। रोहिड़ा थाना अधिकारी कमल सिंह ने बताया कि आरोपी लादाराम गमेती उसकी पत्नी पर शक करता था। गुरुवार को झगड़ा करते हुए उसने टोपीदार बन्दूक से उसकी पत्नी पर फायर कर दिया। घटना स्थल से फरार आरोपी की तलाश में अलग अलग टीमें गठित कर तलाश की जा रही है। जिस पर महज 2 घंटे में चारों तरफ घेराबंदी कर पुलिस टीम ने वालोरिया के पहाड़ों से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।