राहुल गांधी और यूपी के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के बीच तीखी बहस

Update: 2025-09-12 12:24 GMT

रायबरेली। अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने यहां जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में हिस्‍सा लिया। राहुल गांधी दिशा के अध्‍यक्ष भी हैं। बैठक के दौरान राहुल गांधी और यूपी के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के बीच तीखी बहस हो गई। इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि वे दिशा बैठक के अध्यक्ष हैं। इसलिए उनसे पूछ कर ही चर्चा होनी चाहिए। इस पर दिनेश प्रताप सिंह ने कहा, 'जब लोकसभा में आप अध्यक्ष का कहना नहीं मानते तो मैं यहां उनका कहना मानने को बाध्य नहीं हूं।' इस बयान ने कमरे का पारा बढ़ा दिया।

बैठक के दौरान राहुल गांधी ने सांसद निधि के कार्यों में देरी पर नाराजगी जताई और डीएम से कार्रवाई की मांग की। राहुल ने कहा कि सांसद निधि के कार्य समय पर पूरे नहीं हो रहे, जिससे विकास कार्यों में देरी हो रही है। गांधी ने मांग की कि कार्यों को पोर्टल पर नियमित अपडेट किया जाए। इससे पहले राहुल गांधी ने डीएम को पत्र भी लिखा था।

11 सितंबर को कलेक्‍ट्रेट में हुई दिशा की बैठक का ऊंचाहार से विधायक मनोज पांडेय ने बहिष्‍कार किया। मनोज पांडेय ने पत्रकारों से पूछा कि सांसद बनने के बाद से राहुल गांधी ने संसद में कितनी बार रायबरेली की आवाज उठाई है? उन्होंने राहुल को 2024 से रायबरेली के लिए किए गए अपने कार्यों को सूचीबद्ध करने की चुनौती दी। गौरतलब है कि मनोज पांडेय पहले समाजवादी पार्टी से विधायक थे। बीते राज्‍यसभा चुनाव में बीजेपी उम्‍मीदवार का समर्थन करने के कारण सपा ने उनको निष्‍कासित कर दिया था।


Tags:    

Similar News

null