TMC. टीएमसी। डा. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में शुक्रवार को स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने करीब 25 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित अत्याधुनिक थ्री टेस्ला एमआरआई मशीन का उद्घाटन किया। इस मशीन के शुरू होने से निचले हिमाचल के छह जिलों चंबा, मंडी, ऊना, हमीरपुर, कुल्लू और कांगड़ा के मरीजों को आधुनिक जांच सुविधा का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि जांच की क्षमता में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। अभी तक टांडा मेडिकल कालेज में प्रतिदिन लगभग 25 से 30 मरीजों की एमआरआई जांच हो पाती थी।

लेकिन अब एमआरआई मशीनों के माध्यम से प्रतिदिन करीब 50 से 60 मरीजों की जांच की जा सकेगी। इससे मरीजों को समय पर जांच सुविधा मिलने के साथ उपचार शुरू करने में भी मदद मिलेगी। सरदार शोभा सिंह सभागार में मुख्यमंत्री ने डाक्टरों के साथ संवाद कर फीडबैक भी ली तथा डाक्टरों के साथ संवाद में मुख्यमंत्री ने एक ओर सीटी स्कैन की मशीन और अन्य पदों को जल्द भरने की बात भी की। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चिकित्सा महाविद्यालय में 256 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों को पदोन्नत किया गया है तथा शेष श्रेणियों के कर्मचारियों को भी शीघ्र पदोन्नति देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Tags: