डिजिटल सशक्तिकरण पर एचसीसीआई की कार्यशाला

Update: 2026-06-06 11:36 GMT
Nahan. नाहन। उद्योग एवं व्यवसाय के क्षेत्र में डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हिमाचल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एचसीसीआई) गोंदपुर में मार्केटिंग एंड डिजिटल लिटरेसी, डिजिटल टूल्स फॉर ब्रांड बिल्डिंग तथा जेम (गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस) पोर्टल विषयों पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में क्षेत्र के विभिन्न उद्योगों और एमएसएमई इकाइयों से जुड़े 52 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुरप्यारा राम, सदस्य सचिव, सिंगल विंडो क्लीयरेंस एजेंसी (एसडब्ल्यूसीए) पांवटा साहिब रहे। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीकों को अपनाकर उद्यमी अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकते हैं और सरकारी योजनाओं व डिजिटल प्लेटफॉर्म का बेहतर लाभ
उठा सकते हैं।

कार्यशाला के प्रथम तकनीकी सत्र में प्रोफेसर पंकज यादव ने डिजिटल मार्केटिंग, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, ऑनलाइन ब्रांड निर्माण, ग्राहक सहभागिता और डिजिटल विज्ञापन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक प्रतिस्पर्धी दौर में डिजिटल प्लेटफॉर्म व्यवसाय को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दूसरे सत्र में अनुराग प्रतीक ने जेम पोर्टल पर पंजीकरण प्रक्रिया, उत्पाद सूचीकरण, सरकारी खरीद में भागीदारी और एमएसएमई इकाइयों के लिए उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों की जानकारी साझा की। कार्यशाला का संचालन मातवर ठाकुर ने किया। इस अवसर पर अमित चंद्र, कुलदीप स्मार्ट सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया तथा कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया।
Tags:    

Similar News