Ani. आनी। आनी ब्लॉक के लोकमित्र केंद्र संचालकों ने बीते शनिवार को अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर एक बैठक आयोजित की। बैठक में आम लोगों को ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध करवाने के दौरान आ रही व्यावहारिक दिक्कतों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों के समक्ष समस्याएं उठाकर उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई। लोकमित्र संघ आनी ब्लॉक के अध्यक्ष संदीप सैम ने बताया कि पंचायत स्तर पर ऑनलाइन सेवाओं ण् विशेषकर परिवार नकल एवं अन्य राजस्व संबंधी दस्तावेजों को प्राप्त करने में संचालकों और आवेदकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं के समाधान के लिए संघ के प्रतिनिधिमंडल ने खंड विकास अधिकारी विवेक टेसू तथा नायब तहसीलदार मोती राम चौहान से मुलाकात की।
अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में सभी संचालकों से रेट लिस्ट लगाने पर चर्चा हुईण्मनमाने रेट लेने वाले संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संचालकों ने मांग की कि राजस्व रिकॉर्ड को अद्यतन कर तकनीकी खामियों को दूर किया जाए, ताकि लोगों को समयबद्ध और सुगम सेवाएं मिल सकें। लोकमित्र केंद्र संचालकों ने कहा कि वे सरकार की डिजिटल सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए। बैठक में लोकमित्र संचालक एवं संघ के सदस्य जोत राम, किशन, कुलदीप, मनजीत, मंगल,प्रदीप,विद्या दत्त, सुनील तथा यशपाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।