सोते शहर में धमाका, मकान में आग के बाद फटा गैस सिलेंडर, 1 की मौत
तड़के 3 बजे घर में भड़की आग LPG सिलेंडर फटा
Delhi दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मोती नगर इलाके में देर रात एक दो मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। आग मकान के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी। इसी दौरान वहां रखा एलपीजी गैस सिलेंडर आग की चपेट में आ गया और तेज धमाके के साथ फट गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक घटना मोती नगर क्षेत्र के शाहपुरा इलाके की गली नंबर-11 में हुई। दिल्ली फायर विभाग को तड़के करीब 3:25 से 3:27 बजे के बीच मकान में आग लगने की सूचना मिली। कॉल मिलते ही दमकल विभाग की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
आग की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एक वाटर टेंडर, एक ब्रीथिंग फायर टेंडर और एक वाटर बाउजर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही आग बुझाने का अभियान शुरू किया। शुरुआती जानकारी में सामने आया कि आग दो मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी। इसी दौरान मकान में रखा एलपीजी सिलेंडर आग की चपेट में आ गया। कुछ ही देर में सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। फायर विभाग के अनुसार घटनास्थल पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। करीब 4:30 बजे दमकल विभाग की ओर से एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की गई।
सिलेंडर ब्लास्ट के बाद आसपास के इलाके में भी दहशत फैल गई। दमकल कर्मियों ने आग को नियंत्रित करने के साथ ही मकान के अंदर और आसपास के हिस्सों की जांच की। यह भी देखा गया कि मकान में कोई अन्य व्यक्ति फंसा तो नहीं है। आग पूरी तरह नियंत्रित करने के बाद प्रभावित हिस्सों की जांच की गई ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका न रहे। फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। यह भी जांच का विषय है कि ग्राउंड फ्लोर पर सबसे पहले आग कहां और किन परिस्थितियों में लगी तथा एलपीजी सिलेंडर आग की चपेट में कैसे आया। पुलिस और संबंधित एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने और सिलेंडर ब्लास्ट के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।