दिल्ली पुलिस ने कालिंदी गुंज इलाके से दो कुख्यात अपराधियों को किया गिरफ्तार, 11 मामलों का खुलासा
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने दक्षिण-पूर्व जिले के कालिंदी कुंज इलाके में दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक अपराधी कुख्यात 'माया गैंग' का सदस्य है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक चाकू बरामद किया।
अधिकारियों ने बताया कि सड़क पर होने वाले अपराधों को रोकने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कालिंदी कुंज थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग, बीट पेट्रोलिंग और मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग की जाती है। इसी कड़ी में रविवार को पुलिसकर्मी इलाके में पेट्रोलिंग कर रहे थे। रात करीब 9 बजे उन्होंने दो लोगों को संदिग्ध तरीके से मोटरसाइकिल पर जाते देखा। जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे रुकने के बजाय भागने की कोशिश करने लगे। इस दौरान मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसल गई, जिससे दोनों सवार सड़क पर गिर पड़े। सतर्क पुलिसकर्मियों ने तुरंत दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया और पकड़ लिया।
आरोपियों की पहचान सुमित बेनीवाल और उमर अंसारी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर आरोपी सुमित बेनीवाल के पास से बटन से खुलने वाला एक अवैध चाकू बरामद हुआ। आरोपी उमर अंसारी से चोरी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी सुमित बेनीवाल से बरामद एक अन्य मोबाइल फोन और आरोपियों की ओर से इस्तेमाल मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया। इसके बाद दोनों के खिलाफ कालिंदी कुंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर हैं। आरोपी उमर अंसारी 'माया गैंग' का सदस्य है और फिलहाल वह मकोका के एक मामले में भी वांछित है। अधिकारियों ने बताया कि अपराधी उमर पहले भी 11 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जिनमें चोरी, झपटमारी और सेंधमारी जैसे मामले शामिल हैं। वहीं, सुमित बेनीवाल एक कुख्यात चोर और झपटमार है। वह गंभीर अपराधों के 18 मामलों में शामिल रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद 11 मामलों का खुलासा हुआ है, जिनमें एक मकोका का मामला भी शामिल हैं। अन्य मामले झपटमारी, चोरी और सेंधमारी से जुड़े हैं।