दिल्ली। देशभर में गुरुवार को करवा चौथ का त्योहार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी अपने आधिकारिक आवास पर करवा चौथ का पर्व मनाया। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की और सभी के सुखी वैवाहिक जीवन तथा परिवार की समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। सभी ने सामूहिक रूप से करवा चौथ की पूजा की और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं को करवा चौथ की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि करवा चौथ महिलाओं के जीवन में विशेष महत्व रखने वाला त्योहार है। जब महिलाएं अपनी सहेलियों और परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर यह पर्व मनाती हैं, तो इसकी खुशियां और बढ़ जाती हैं। रेखा गुप्ता ने सभी महिलाओं के परिवारों में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि सभी के पति स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों और उनका वैवाहिक जीवन खुशियों से भरा रहे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन महिलाओं के लिए भी विशेष संदेश दिया, जिनके पति अब उनके साथ नहीं हैं। उन्होंने कहा कि विधवा महिलाओं और अकेले बच्चों का पालन-पोषण करने वाली माताओं को भी खुश रहने और जीवन में आगे बढ़ने का पूरा अधिकार है। मुख्यमंत्री ने महिलाओं से अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा और संस्कार देने तथा जीवन में सकारात्मकता बनाए रखने की अपील की।
करवा चौथ के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में पारंपरिक पूजा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने एक-दूसरे को त्योहार की बधाई दी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस आयोजन के जरिए महिलाओं को एकजुटता, पारिवारिक खुशहाली और आपसी प्रेम का संदेश दिया।
Tags: