Theog. ठियोग। ठियोग में प्रेमघाट बाईपास के समीप पहाड़ी से अचानक पत्थर और भारी मलबा गिरने से सडक़ किनारे खड़ी एक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वाहन में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार वाहन मालिक रात के समय गाड़ी को कॉलेज की ओर जाने वाली सडक़ के डंगे के साथ खड़ा कर गया था। सुबह जब मौके पर पहुंचकर देखा तो पहाड़ी से गिरे पत्थरों और मलबे की चपेट में आने से गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
वहीं, सडक़ पर भारी मात्रा में मलबा आने के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ और सुबह करीब 10 बजे तक क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान पुलिस के जवान मौके पर यातायात व्यवस्था संभालते हुए जाम खुलवाने में जुटे रहे। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन भी सक्रिय हुआ और मलबे तथा पत्थरों को हटाने का कार्य शुरू करवाया गया। मलबा हटाए जाने के बाद यातायात को दुरुस्त कर वाहनों की आवाजाही सामान्य करवाई गई। बरसात के दौरान पहाडिय़ों से पत्थर और मलबा गिरने का खतरा बढऩे के चलते ऐसे स्थानों पर वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।