दलेर मेहंदी विवाद में सीएम धामी की एंट्री, मीका सिंह से फोन पर की बात
सौहार्द से मामला सुलझाने की अपील
देहरादून। उत्तराखंड में मशहूर पंजाबी गायक दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले को शांत कराने की पहल की है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, सीएम धामी ने गायक मीका सिंह से फोन पर बातचीत कर विवाद पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की गलतफहमी या मतभेद को आपसी बातचीत और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सुलझाया जाना चाहिए।
कलाकारों के सम्मान को लेकर सीएम धामी का बड़ा बयान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड हमेशा से 'अतिथि देवो भव:' की परंपरा का पालन करता आया है। देवभूमि उत्तराखंड देश और दुनिया के सभी कलाकारों का खुले दिल से स्वागत करती है। राज्य सरकार कला, संस्कृति और कलाकारों के सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद को अनावश्यक रूप से बढ़ाने के बजाय बातचीत के माध्यम से समाधान निकालना बेहतर है।
जानिए कैसे शुरू हुआ दलेर मेहंदी विवाद
दरअसल, 18 अक्टूबर को टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में आयोजित मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के दौरान दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर विवाद शुरू हुआ था। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और गायक दलेर मेहंदी के बीच मंच पर कहासुनी हुई थी। मंत्री ने प्रस्तुति को लेकर सवाल उठाए थे। इसके बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और विवाद बढ़ता चला गया।
मीका सिंह ने की थी माफी की मांग
अपने बड़े भाई दलेर मेहंदी के समर्थन में गायक मीका सिंह भी सामने आए। उन्होंने मंत्री सुबोध उनियाल के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की थी। मीका सिंह का कहना था कि किसी वरिष्ठ कलाकार का सार्वजनिक मंच पर इस तरह अपमान नहीं होना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील भी की थी।
विवाद खत्म करने की कोशिश
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मंत्री सुबोध उनियाल स्पष्ट कर चुके हैं कि उनका उद्देश्य कलाकार का अपमान करना नहीं था। उन्होंने दोनों पक्षों से विवाद समाप्त करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने पहले भी कहा था कि मीका सिंह और दलेर मेहंदी दोनों उनके मित्र हैं और वह उनसे बातचीत करेंगे। इस पूरे घटनाक्रम के बीच मुख्यमंत्री की पहल को विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।