दिल्ली: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह दिल्ली पहुंचे.
इस बीच कैप्टन अमरिंदर सिंह की टीम का कहना है कि ये एक निजी दौरा है. कैप्टन अमरिंदर सिंह के मीडिया एडवाइज़र ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि कैप्टन अमरिंदर के दिल्ली दौरे पर बहुत कुछ कहा जा रहा है. वह एक निजी दौरे पर हैं, जहां वह अपने कुछ दोस्तों से मिलेंगे और कपूरथला हाउस को खाली करेंगे. किसी तरह का कयास नहीं लगाया जाना चाहिए.
इसी महीने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू संग चले लंबे विवाद के बाद अमरिंदर सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद कांग्रेस ने चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का सीएम बनाया है. सीएम पद के बाद अब हो सकता है कि अमरिंदर सिंह कांग्रेस भी छोड़ दें.
मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद अमरिंदर सिंह ने दर्द बयां करते हुए यह तक कहा था कि उन्होंने अपमानित महसूस किया था, जिसके बाद सीएम पद छोड़ने का फैसला लिया. अमरिंदर सिंह ने यह तक कहा था कि पंजाब चुनाव 2022 में अगर कांग्रेस जीतती भी है तो वह नवजोत सिंह सिद्धू को सीएम नहीं बनने देंगे. उन्होंने कहा था कि वह सिद्धू के खिलाफ मजबूत उम्मीदवार उतारेंगे. इससे कयास लगाए जा रहे थे कि वह पंजाब में अपनी अलग पार्टी भी बना सकते हैं.