अटल टनल में सेना ने रचा विश्व रिकॉर्ड

Update: 2026-07-03 10:34 GMT
Shimla. शिमला। भारतीय सेना के कोर ऑफ सिग्नल्स द्वारा संचालित व्हील्स ऑफ वैलर संचार शक्ति मोटरसाइकिल अभियान अपनी राष्ट्रव्यापी यात्रा को आगे बढ़ाते हुए 30 जून को पलचन पहुंचा। अभियान के अगले चरण में पहली जुलाई को कोर ऑफ सिग्नल्स की डेयर डेविल्स टीम ने विश्व की सबसे लंबी 10,000 फीट से अधिक ऊंचाई पर स्थित राजमार्ग सुरंग अटल टनल, रोहतांग में एक नया विश्व रिकॉर्ड प्रयास कर इतिहास रच दिया। इस साहसिक प्रदर्शन में 10 राइडर्स ने मात्र दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर 9.8 किलोमीटर लंबी अटल टनल को केवल 9 मिनट 47.97 सेकंड में पार किया। समुद्र तल से 10,075 फीट की ऊंचाई पर संपन्न इस अद्भुत प्रदर्शन ने असाधारण संतुलन, अद्वितीय समन्वय, धैर्य, साहस, टीम भावना तथा उच्च स्तरीय व्यावसायिक कौशल का
परिचय दिया।


विश्व रिकॉर्ड प्रयास के दौरान सभी सुरक्षा मानकों एवं परिचालन प्रोटोकॉल का पूर्णत: पालन किया गया। स्थानीय प्रशासन, पुलिस तथा संबंधित एजेंसियों के साथ घनिष्ठ समन्वय स्थापित कर पूरे कार्यक्रम का संचालन किया गया। सिग्नल ऑफिसर-इन-चीफ एवं कर्नल कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल विवेक डोगरा, सेना मेडल ने संपूर्ण कोर ऑफ सिग्नल्स की ओर से इस ऐतिहासिक उपलब्धि के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने हेतु जिला प्रशासन मनाली, हिमाचल प्रदेश पुलिस, महानिदेशक सीमा सडक़ संगठन, प्रोजेक्ट योजक, प्रोजेक्ट दीपक तथा 38 बॉर्डर रोड्स टास्क फोर्स का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों के उत्कृष्ट समन्वय एवं सहयोग ने इस विश्व रिकॉर्ड प्रयास को सफल बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Tags:    

Similar News