GUJRAT गुजरात: नडियाद रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम हुई सोने की लूट के मामले में अहमदाबाद ग्रामीण और खेड़ा पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 2.90 किलो सोने का माल, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है, बरामद किया गया है। पुलिस ने लूट में इस्तेमाल टाटा टियागो और बिना नंबर की एक मारुति बलेनो भी जब्त की है।
शाम 5 बजे स्टेशन पर हुई लूट
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5 बजे नडियाद रेलवे स्टेशन पर सोने की लूट की घटना हुई। वारदात के बाद पीड़ित ने आरोपियों का पीछा किया और उनके वाहन की तस्वीर भी ले ली। नडियाद जीआरपी ने सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपियों तथा टाटा टियागो की पहचान की। इसके बाद सूचना स्टेट कंट्रोल रूम के जरिए संबंधित पुलिस इकाइयों तक पहुंचाई गई। शाम करीब 7:30 बजे यह सूचना अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस को मिली। पुलिस ने संभावित रूट और आरोपियों के वाहन की आवाजाही का विश्लेषण शुरू किया।
रूट मैपिंग कर बिछाया जाल
जांच में पुलिस को नडियाद से बावडिया, खोरज, सचाणा और विरमगाम होते हुए बनासकांठा की तरफ जाने की आशंका मिली। वाहन के रजिस्ट्रेशन और मोबाइल नंबर से भी बनासकांठा कनेक्शन सामने आने की जानकारी पुलिस को मिली। इसी दौरान पता चला कि टाटा टियागो को एक बिना नंबर की मारुति बलेनो भी फॉलो कर रही है। इसके बाद LCB और विरमगाम टाउन पुलिस ने संभावित रास्तों पर रणनीतिक नाकाबंदी कर दी।
बलेनो रोककर मिला पहला आरोपी
विरमगाम टाउन में प्रवेश से पहले LCB के हेड कांस्टेबल हिमांशु और विरमगाम टाउन पुलिस के कांस्टेबल सिद्धराज ने ट्रक और अन्य वाहनों की मदद से रास्ता रोककर बलेनो को पकड़ लिया। पुलिस ने उसमें सवार एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में जानकारी मिली कि टाटा टियागो में सवार तीन अन्य आरोपी सोने के माल के साथ आगे निकल चुके हैं। पुलिस ने आरोपी से बातचीत कर दूसरे वाहन की लोकेशन हासिल करने की रणनीति अपनाई और आरोपियों को विरमगाम बुलाने में सफलता हासिल की।
500 मीटर तक वाहन के साथ घसीटे गए पुलिस अधिकारी
टाटा टियागो के मौके पर पहुंचते ही पुलिस टीमों ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, वाहन ने पुलिस के वाहन को टक्कर मारी और रिवर्स करके भागने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस इंस्पेक्टर एस.ए. गढवी ने आगे बढ़कर टाटा टियागो का दरवाजा पकड़ लिया। वाहन के साथ करीब 500 मीटर तक घसीटे जाने के बावजूद उन्होंने दरवाजा खोलकर स्टीयरिंग पर नियंत्रण हासिल किया और हैंडब्रेक खींचकर वाहन रोक दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन में सवार तीन आरोपियों को पकड़ लिया। एक आरोपी मौके से भागकर खेतों में छिप गया था। पुलिस टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया और उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
करीब 4 करोड़ का सोना बरामद
पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ लूट का पूरा माल बरामद कर लिया गया है। 2.90 किलो सोना, जिसकी कीमत करीब 4 करोड़ रुपये बताई गई है, बलेनो की सीट कवर में छिपाया गया था। दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में वेस्टर्न रेलवे पुलिस, LCB, विरमगाम टाउन पुलिस और अन्य टीमों के बीच बेहतर समन्वय को अहम बताया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।
Tags: