Paonta Sahib. पांवटा साहिब। पांवटा साहिब में पंचायती राज चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण में पांवटा क्षेत्र में 85 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह सात बजे से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिली। महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं की संख्या भी पिछली बार की तुलना में अधिक रही। मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। कई मतदाताओं ने कहा कि पंचायत चुनाव उनके दैनिक जीवन से सीधे जुड़े होते हैं, इसलिए वह अपने मत का प्रयोग करने के लिए पूरे उत्साह के साथ केंद्रों में पहुंचे। मतदान कर्मचारियों ने भी पूरी तत्त्परता के साथ प्रक्रिया को सुचारू रखा।
मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। एसडीएम पांवटा द्विज गोयल और डीएसपी पांवटा ने दिन भर विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की और मतदान कर्मचारियों से व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया। अधिकारियों ने मतदाताओं से शांतिपूर्वक मतदान करने की अपील की। उनके दौरे से मतदान केंद्रों पर व्यवस्था बेहतर रही और मतदाताओं में भी विश्वास बढ़ा। एसडीएम पांवटा द्विज गोयल ने बताया कि कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।