विधवा और निराश्रित महिलाओं को मिलेगा सम्मानजनक नाम, उत्तराखंड सरकार ने बदला योजना का नाम
उत्तराखंड में महिलाओं के लिए नई पहचान, भरण-पोषण अनुदान योजना का नाम बदला
देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने निराश्रित महिलाओं के कल्याण के लिए संचालित भरण-पोषण अनुदान योजना का नाम बदलकर 'मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान योजना' कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय एकल महिलाओं को सम्मानजनक पहचान देने और उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण के उद्देश्य से किया गया है।
इस संबंध में शासन के सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्धांकी ने निदेशक समाज कल्याण को पत्र जारी कर नाम परिवर्तन की जानकारी दी है।
इसके तहत निराश्रित विधवा महिलाओं, परित्यक्ता विवाहित महिलाओं और निराश्रित अविवाहित महिलाओं के लिए संचालित भरण-पोषण अनुदान योजना को नया नाम दिया गया है।
सरकार का कहना है कि इस बदलाव से एकल महिलाओं को सम्मानजनक सामाजिक पहचान देने के साथ उनके कल्याण के प्रति सरकारी प्रतिबद्धता भी प्रदर्शित होगी।