देहरादून: उत्तराखंड के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को धामी सरकार की कृषि क्षेत्र से जुड़ी उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने दावा किया कि किसानों की आय में बढ़ोतरी के मामले में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान हासिल किया है।

मंत्री के मुताबिक, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रदेश के 8 लाख से अधिक किसानों को 3,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की धनराशि दी गई है। वहीं, मंडुवा का खरीद मूल्य 2,500 रुपये से बढ़ाकर 5,200 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है।

बागवानी को बढ़ावा देने के लिए सेब, कीवी और ड्रैगन फ्रूट की खेती पर 70 से 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

इसके अलावा 53 हजार डेयरी किसानों को दूध पर चार रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि और महिला स्वयं सहायता समूहों को कृषि यंत्रों पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।

Tags: