Uttarakhand: उत्तराखंड के पौड़ी में एक तेंदुए ने अटैक करके एक महिला को गंभीर तौर पर घायल कर दिया। ये घटना पोखड़ा प्रखंड में बुधवार को हुई। एक महीने के अंदर पोखड़ा में तेंदुए के हमले की यह चौथी वारदात है। अधिकारियों ने बताया कि ये घटना देवराड़ी तल्ली गांव में जब 36 साल की कंचन देवी अन्य महिला साथियों के साथ घास काट रही थीं। तभी अचानक तेंदुआ आया और हमला बोल दिया। इससे कंचन गंभीर रूप से घायल हो गईं।
ग्रामीण पुष्कर सिंह नेगी के मुताबिक, तेंदुए ने कंचन देवी की चेहरे और गर्दन पर अपने दांत गड़ा दिए। उनके साथ की महिलाओं ने शोर मचाया, इसके बावजूद तेंदुए ने कंचन को नहीं छोड़ा। फिर शोर सुनकर जब सड़क पर खड़े कुछ युवक मौके पर पहुंचे तब ग्राम प्रहरी अंकित कंडारी ने बहादुरी का परिचय दिया। उन्होंने तेंदुए पर पत्थरों की ताबड़तोड़ बरसात कर दी। इससे घबराकर तेंदुआ, कंचन को छोड़कर खेतों की तरफ भाग गया।
उन्होंने बताया कि अटैक में गंभीर रूप से घायल कंचन देवी को ग्रामीणों और प्रशासन की सहायता से तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोखड़ा में पहुंचाया गया जहां से उन्हें गंभीर हालत में पास के सतपुली अस्पताल रेफर किया गया। फिर बाद में पौड़ी की डीएम स्वाति एस भदौरिया ने घटना का त्वरित संज्ञान लिया और एयर एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। इससे कंचन को एयरलिफ्ट करके एम्स ऋषिकेश भेजा गया जहां डॉक्टर्स की टीम उनका इलाज कर रही है।