चमोली: जनगणना 2026 के तहत चमोली जिले में चल रहे स्वगणना अभियान की धीमी रफ्तार पर प्रशासन ने नाराजगी जताई है। मुख्य विकास अधिकारी दीपक रामचंद्र शेट ने शनिवार को समीक्षा बैठक में सभी विभागों को अभियान में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि पहले चरण में सभी सरकारी विभागों के कर्मचारियों की स्वगणना अनिवार्य रूप से पूरी कराई जाए। इसके लिए 26 नवंबर तक की समयसीमा निर्धारित की गई है।

नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर लोगों को स्वगणना के लिए जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा कूड़ा वाहनों के माध्यम से भी अभियान का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।

सीडीओ ने जनगणना प्रशिक्षण में शामिल प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को भी लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित करने को कहा। महाविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और गणमान्य व्यक्तियों के माध्यम से अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल, अर्थ एवं संख्याधिकारी विनय जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags: