कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने किया विद्यालय के सभागार का उद्घाटन
शिक्षा के साथ संस्कारों पर जोर, विद्यालय के वार्षिकोत्सव में पहुंचे मंत्री
रुड़की: योगी मंगलनाथ सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शनिवार को वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विधायक निधि से निर्मित विद्यालय के नए सभागार का उद्घाटन किया। साथ ही विद्यालय में स्थापित सोलर पावर प्लांट का भी लोकार्पण किया गया।
समारोह में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने विद्यालय की शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों को अच्छे संस्कार देना भी जरूरी है।
प्रधानाचार्य आकाश माहेश्वरी ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत कर विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी। प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. भीष्म कुमार ने विद्यालय को सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
कार्यक्रम में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के प्रतिनिधि पवन सिंह तोमर ने उनका ऑडियो संदेश सुनाया। कार्यक्रम का संचालन चंद्र प्रकाश और ललित ने किया।