देहरादून: राजस्थान के पंचायत चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर उत्तराखंड में भी राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने दावा किया कि राजस्थान के चुनावी नतीजों का असर उत्तराखंड की राजनीति पर भी पड़ेगा। उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा किया।

शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान धस्माना ने भाजपा सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था को लेकर जनता में नाराजगी है। उनके मुताबिक, उत्तराखंड में भी भाजपा के खिलाफ माहौल बन रहा है।

धस्माना ने पिछले दस वर्षों के भाजपा शासन पर सवाल उठाते हुए महिला अपराध, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि युवा, छात्र और महिलाएं सरकार से जवाब मांग रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर कांग्रेस को बहुमत देगी।

Tags: