टिहरी की नई एसएसपी सरिता डोबाल का एक्शन प्लान, नशा तस्करों पर होगी सख्ती
महिला सुरक्षा और साइबर अपराध नियंत्रण पर रहेगा विशेष फोकस: एसएसपी डोबाल
नई टिहरी: आईपीएस अधिकारी सरिता डोबाल ने शुक्रवार को टिहरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का पदभार ग्रहण किया। श्वेता चौबे के स्थानांतरण के बाद उन्हें जिले की कमान सौंपी गई है। कार्यभार संभालने से पहले उन्होंने भद्रकाली स्थित मां दुर्गा के मंदिर में पूजा-अर्चना की।
पत्रकारों से बातचीत में एसएसपी सरिता डोबाल ने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, पीड़ित-केंद्रित पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और बेहतर यातायात प्रबंधन को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और नशा उन्मूलन अभियान को गति देने की बात भी कही।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों और पैडलरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साइबर अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा और स्मार्ट पुलिसिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पुलिस और जनता के बीच संवाद मजबूत करने के लिए सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इससे पहले पुलिस कार्यालय पहुंचने पर पुलिस बल ने नवनियुक्त एसएसपी को औपचारिक सलामी दी। इस दौरान जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।