पौड़ी जिला अस्पताल में बढ़ेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं, आधुनिक उपकरणों की होगी व्यवस्था
वेंटिलेटर से लैप्रोस्कोपिक मशीन तक, जिला अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी
पौड़ी गढ़वाल: जिला चिकित्सालय पौड़ी में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी ने विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ बैठक की। इस दौरान चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, कार्यक्षमता और नए उपकरणों की आवश्यकता की समीक्षा की गई। मरीजों की रेफरल दर कम करने के लिए चिकित्सकों से सुझाव भी लिए गए।
बैठक में वेंटिलेटर, पोर्टेबल एक्स-रे, लैप्रोस्कोपिक मशीन, एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन, एंडोस्कोपी यूनिट सहित विभिन्न आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने आवश्यक उपकरणों की खरीद के लिए प्राथमिकता के आधार पर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
चिकित्सकों ने बताया कि पूर्व में उपलब्ध कराए गए नॉन कॉन्टेक्ट रेटिनोमीटर से प्रतिदिन करीब 50 मरीजों को लाभ मिल रहा है। डीएम ने खराब बायोकेमिकल एनालाइजर की मरम्मत, नई फेको मशीन और एफएनएसी जांच सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में भी निर्देश दिए।
इसके अलावा अस्पताल में अतिरिक्त ओटी टेक्नीशियन की व्यवस्था और 24 घंटे लैब टेक्नीशियन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को प्रत्येक माह चिकित्सकों के साथ बैठक कर विभागवार आवश्यकताओं और उपकरणों की कार्यक्षमता की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।