सरकारी मदद का इंतजार छोड़ ग्रामीणों ने थामे गैती-फावड़े, बनाएंगे तीन किलोमीटर सड़क
चमोली में ग्रामीणों की अनूठी पहल, श्रमदान से गांव तक पहुंचाएंगे सड़क
गोपेश्वर: उत्तराखंड के चमोली जिले की ग्रामसभा मोली-रोइंठा में वर्षों से सड़क सुविधा का इंतजार कर रहे ग्रामीणों ने अब खुद सड़क निर्माण का बीड़ा उठाया है। ग्राम प्रधान कुसुम पुंडीर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विधिवत भूमि पूजन कर करीब तीन किलोमीटर सड़क का निर्माण शुरू किया।
महिला मंगल दल और युवक मंगल दल के सदस्य ढोल-नगाड़ों के साथ गैती-फावड़े लेकर निर्माण स्थल पहुंचे। महिलाओं और पुरुषों ने कंधे से कंधा मिलाकर श्रमदान किया।
ग्राम प्रधान कुसुम पुंडीर ने बताया कि सड़क नहीं होने से गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। आपात स्थिति में मरीजों को चारपाई या कंधों के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंचाना पड़ता है। बरसात के दौरान ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, वर्षों से सड़क निर्माण की मांग के बावजूद सरकारी स्तर पर राहत नहीं मिली। ऐसे में उन्होंने अपने श्रम और एकजुटता के बल पर गांव तक सड़क पहुंचाने का संकल्प लिया है। ग्रामीणों की यह पहल सरकारी विकास व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है।