हल्द्वानी में प्रमाण पत्र बनवाने वालों को राहत, अमीनों को सौंपी सत्यापन की जिम्मेदारी
लेखपालों की हड़ताल के बीच प्रशासन की पहल, जल्द निपटेंगे लंबित आवेदन
हल्द्वानी: लेखपालों की हड़ताल के कारण प्रभावित प्रमाण पत्रों की सत्यापन प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। अब प्रमाण पत्रों के सत्यापन की जिम्मेदारी अमीनों को सौंपी गई है। इसके लिए उनके कार्यक्षेत्र भी निर्धारित कर दिए गए हैं।
उप जिलाधिकारी मोनिका ने बताया कि मैदानी लेखपाल संगठन चार मैदानी जनपदों में 16 अक्टूबर से विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर था। इसके चलते प्रमाण पत्रों से संबंधित सत्यापन कार्य प्रभावित हो रहे थे।
जिलाधिकारी के निर्देश पर अमीनों के माध्यम से सत्यापन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसडीएम ने बताया कि लंबित आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जा रहा है। आगामी एक से दो दिनों में सभी लंबित मामलों के निपटारे का लक्ष्य रखा गया है।
एसडीएम ने आमजन से प्रमाण पत्रों को लेकर किसी प्रकार की चिंता नहीं करने की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि नए आवेदनों का भी निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।