देहरादून: उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। हरिद्वार में आयोजित दो दिवसीय विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में करीब 890 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई।

भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कार्यसमिति में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन किया गया। उन्होंने बताया कि बैठक में तय संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रदेश के प्रत्येक जिले, विधानसभा क्षेत्र और बूथ तक पहुंचाया जाएगा।

परिहार ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने और सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

प्रदेश महामंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन और अन्य नेताओं के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।

वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यसमिति के आयोजन में योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

Tags: