हरिद्वार में कांग्रेस का भाजपा पर हमला, राजनाथ सिंह के बयान पर उठाए सवाल
हरिद्वार में आलोक शर्मा की प्रेस वार्ता, अग्निवीर योजना पर भी सवाल
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान पर सवाल उठाए। सोमवार को प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रदेश के विकास और जनसमस्याओं पर चर्चा करने के बजाय राजनीतिक दावे किए।
आलोक शर्मा ने भाजपा के 65 विधानसभा सीटें जीतने के लक्ष्य पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि आगामी चुनाव में पार्टी दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, चीन सीमा विवाद, देश के बढ़ते कर्ज और विदेश नीति को लेकर भी केंद्र सरकार की आलोचना की।
यूथ कांग्रेस प्रभारी सुरभि द्विवेदी ने अंकिता भंडारी मामले को उठाते हुए महिला सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पीड़िता को न्याय दिलाने में अपेक्षित कदम नहीं उठा रही है।
वहीं, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विशाल भोजक ने अग्निवीर योजना की आलोचना करते हुए कहा कि यह युवाओं के हित में नहीं है। उन्होंने रोजगार के मुद्दे पर भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
पत्रकार वार्ता में मनोज सैनी, सोम त्यागी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।