लखवाड़ बांध परियोजना में श्रमिकों का प्रदर्शन, पुलिस ने हिरासत में लिया
10 दिन से धरने पर बैठे मजदूरों को पुलिस ने हटाया, जमकर नोकझोंक
नई टिहरी: उत्तराखंड में यमुना नदी पर निर्माणाधीन 300 मेगावाट लखवाड़ बांध परियोजना के श्रमिकों का आंदोलन सोमवार को पुलिस कार्रवाई के बाद तनावपूर्ण हो गया। पिछले दस दिनों से विभिन्न मांगों को लेकर लौहारी में धरने पर बैठे श्रमिकों को पुलिस ने धरनास्थल से हटा दिया। इस दौरान पुलिस और श्रमिकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
श्रम समिति के अध्यक्ष प्रदीप चौहान और भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष राजेश सजवाण के अनुसार, सोमवार सुबह से परियोजना क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात था। दोपहर करीब एक बजे पुलिस ने धरनास्थल खाली कराना शुरू किया। विरोध करने वाले श्रमिकों को पुलिस वाहनों में बैठाकर देहरादून जिले के कालसी, सहसपुर और प्रेमनगर थानों में ले जाया गया।
श्रमिक मानदेय बढ़ाने, दर्ज मुकदमे वापस लेने, हटाए गए कर्मचारियों की बहाली और निर्धारित मानकों के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।
श्रमिक नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन और एलएनटी कंपनी प्रबंधन पुलिस की मदद से आंदोलन समाप्त कराना चाहते हैं। उन्होंने मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने की बात कही।
वहीं, कैंपटी थानाध्यक्ष प्रवीन बर्त्थवाल ने बताया कि किसी भी श्रमिक को कैंपटी थाने नहीं लाया गया है। पुलिस उन्हें देहरादून लेकर गई है।