देहरादून: उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार आधुनिक तकनीक और पूर्व चेतावनी प्रणाली का विस्तार कर रही है। प्रदेश में 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर लगाए गए हैं, जबकि आपातकालीन संचार के लिए 434 से अधिक सैटेलाइट फोन उपलब्ध कराए गए हैं।

सरकार के अनुसार, वर्ष 2020-21 से 2025-26 के बीच 2,339 प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से 2 लाख 69 हजार 38 लोगों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया है। इनमें स्कूली विद्यार्थी, स्वयंसेवक, एनसीसी और एनएसएस से जुड़े युवा शामिल हैं।

प्रदेश में 432 मौसम सेंसर, 87 जल विज्ञान सेंसर, तीन डॉप्लर रडार और तीन बिजली गिरने की चेतावनी देने वाले सेंसर स्थापित किए गए हैं। सेल ब्रॉडकास्ट तकनीक के माध्यम से बिना इंटरनेट के भी मोबाइल फोन पर आपदा अलर्ट भेजने की व्यवस्था की गई है।

राज्य सरकार के अनुसार, आपदा में मृत्यु होने पर अनुग्रह सहायता राशि चार लाख से बढ़ाकर आठ लाख रुपये प्रति व्यक्ति की गई है। वहीं पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों और फसलों के नुकसान पर मिलने वाली सहायता में भी वृद्धि की गई है।

सरकार ने 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस मनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत 25 से 28 नवंबर तक प्रदेशभर में मॉक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम होंगे। मुख्य कार्यक्रम 27 नवंबर को देहरादून सचिवालय में आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल होंगे।

Tags: