उत्तराखंड में 2.65 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी, सरकार ने जारी किए आंकड़े
महिला सशक्तिकरण पर 20 हजार करोड़ का बजट, रोजगार पर जोर
देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने महिला सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में 2.65 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं, महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
सरकार के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष में महिला शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, पोषण और रोजगार से जुड़ी योजनाओं के लिए करीब 20 हजार करोड़ रुपये का जेंडर बजट निर्धारित किया गया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 16 प्रतिशत से अधिक है।
मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत पात्र महिलाओं को 1.50 लाख रुपये तक अनुदान देने की व्यवस्था है। वहीं, सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी प्रबंध समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है।
बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए नंदा गौरा योजना के तहत अब तक 3.77 लाख से अधिक बालिकाओं को 1,168.49 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। योजना में जन्म पर 11 हजार और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये दिए जाते हैं।
इसके अलावा लोहाघाट में करीब 256 करोड़ रुपये से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज बनाया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण देने के लिए ड्रोन सखी पहल भी संचालित है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और निर्णय प्रक्रिया में समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।