प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा साहिब पहुंचे CM धामी, प्रदेश की खुशहाली के लिए की अरदास
कार्तिक पूर्णिमा पर CM धामी ने की अरदास, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर
उधमसिंहनगर: कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को खटीमा स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचे। उन्होंने माथा टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए अरदास की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, परोपकार, प्रेम, समानता और जरूरतमंदों की सेवा का संदेश देती हैं। उन्होंने सभी को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
धामी ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक विरासत के संरक्षण और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है। इसी क्रम में हेमकुंड साहिब में रोपवे निर्माण और रीठा साहिब के समीप धर्मशाला निर्माण की परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम होगी और उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।