Varanasi वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सिगरा थाना क्षेत्र के बादशाह बाग कॉलोनी में एक महिला ने अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक का नाम दानिश रजा (40) है, जो फारूक-ए-उर्दू मदरसा में शिक्षक था। आरोप है कि रोज-रोज के झगड़ों से तंग आकर उसकी पत्नी रुबीना ने पहले लोहे की रॉड से उस पर हमला किया और फिर चाकू से उसका गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह इलाके में हड़कंप मच गया जब पड़ोसियों ने दानिश रजा के घर पर किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर दरवाजा खोला तो पुलिस को दानिश का खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा मिला। उसके सिर, गर्दन, चेहरे और सीने पर गहरे जख्म के निशान थे। दीवारों पर भी खून के धब्बे दिखाई दे रहे थे। पुलिस ने तुरंत फोरेंसिक टीम बुलाई और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पहले तो परिवार वाले चुप रहे, लेकिन जब पुलिस ने उससे कड़ी पूछताछ की, तो रुबीना ने हत्या की बात कबूल कर ली।
पुलिस पूछताछ में रुबीना ने बताया कि उसका पति दानिश अक्सर उससे झगड़ा करता था और उसे मारता-पीटता था। पिछले दिन भी दानिश ने उसे बुरी तरह पीटा था। इसी से तंग आकर उसने अपने पति की हत्या की योजना बनाई। रात को जब दानिश सो गया, तो रुबीना ने पहले उसके सिर पर लोहे की रॉड से वार किया, फिर गले और शरीर पर कई जगह चाकू से वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पिता की मौत और माँ की गिरफ्तारी के बाद दोनों बच्चे सदमे में हैं।