UP News: मझोला थाना क्षेत्र में मंदिर गए एक परिवार के बंद मकान में शनिवार देर शाम शार्ट सर्किट से अचानक भीषण आग लग गई। मकान से लपटें उठती देख क्षेत्रवासियों ने गृहस्वामी विष्णुलाल व दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल अधिकारी आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं। मझोला थाना क्षेत्र के तहसील बाईपास शाहपुर तिगरी निवासी विष्णुलाल व रविंद्र कुमार दोनों भाई नवरात्रि के अवसर पर परिवार के साथ लाल बाग काली माता मंदिर में दर्शन करने गए थे। शनिवार शाम करीब छह बजे बंद मकान में अचानक अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई।
मकान के बाहर लपटें उठती देख क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोगों ने आग लगने की सूचना गृहस्वामी विष्णुलाल व दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। घर में रखा करीब दो लाख रुपये का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया है। पूछताछ करने पर विष्णुलाल ने बताया कि वह अस्पतालों की लॉन्ड्री का काम करता है। घर में कई अस्पतालों से कपड़े आए थे जो पूरी तरह जलकर राख हो गए हैं। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी है। हर एंगल से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Tags: