लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ में आयोजित पुलिस भर्ती नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में युवाओं को महत्वपूर्ण सलाह दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर रील देखने में घंटों समय बिताने की आदत पर चिंता जताते हुए युवाओं से खेल के मैदान की ओर बढ़ने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि रील में लाइक्स मिलते हैं, लेकिन खेल के मैदान में जीवन को नई दिशा मिलती है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस में कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत चयनित 470 खेल प्रतिभाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनके जीवन में अब एक नई जिम्मेदारी की शुरुआत हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों की जर्सी से वर्दी तक की यात्रा शुरू हुई है। जिस तरह उन्होंने खेल के मैदान में मेहनत, अनुशासन और संघर्ष के जरिए सफलता हासिल की है, उसी तरह पुलिस सेवा में भी बेहतर प्रदर्शन करना होगा। युवाओं की सोशल मीडिया पर बढ़ती सक्रियता का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "मुझे दुख होता है कि हमारे आज के युवा घंटों रील में बर्बाद करते हैं। याद रखना, रील में लाइक्स मिलते हैं, लेकिन खेल के मैदान में आपको लाइफ मिलती है।
उन्होंने युवाओं से कहा कि उन्हें तय करना होगा कि वे केवल सोशल मीडिया पर लाइक्स हासिल करना चाहते हैं या खेल के माध्यम से अपने जीवन को नई दिशा देना चाहते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले प्रदेश में नौकरियों के लिए सिफारिश और राजनीतिक पहुंच को महत्व दिया जाता था। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में नौजवानों के सामने पहचान का संकट था। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले की व्यवस्था में नौकरी पाने के लिए सैफई या सिफारिश का सहारा लेना पड़ता था।
मुख्यमंत्री ने वर्तमान सरकार की भर्ती व्यवस्था को पारदर्शी बताते हुए कहा कि अब खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा और मेहनत के आधार पर अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की क्षमता प्रदान करता है। नियुक्ति पाने वाले खिलाड़ियों से उन्होंने पुलिस सेवा में भी उसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपेक्षा जताई।
Tags: