UP News: इटावा के जॉली होटल में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान औरैया निवासी मोहित कुमार (33) के रूप में हुई है। वह गुरुवार रात होटल में रुका था और शुक्रवार रात उसका शव कमरा नंबर 101 में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मोबाइल व लैपटॉप जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है और संभावना है कि उसने आत्महत्या करने से पहले वीडियो कॉल की होगी।
घटना की सूचना मिलते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम में एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी, सीओ सिटी रामगोपाल शर्मा, प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह और फोरेंसिक टीम शामिल थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं युवक का मोबाइल और लैपटॉप भी जब्त कर जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। कमरा नंबर 101 दो दिन के लिए बुक था
शुक्रवार को पूरे दिन कमरे से कोई गतिविधि नहीं दिखी। रात करीब 9 बजे होटल कर्मचारी आशीष यादव ने उनसे मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की तो फोन बंद मिला। शक होने पर कमरे का दरवाजा खटखटाया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जबरन दरवाजा तोड़ा गया तो मोहित चादर के सहारे पंखे से लटके मिले।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में आत्महत्या से पहले वीडियो कॉल करने की जानकारी मिली है, जिसकी पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मोहित किसी मानसिक तनाव में तो नहीं था या फिर वह किसी तरह की धोखाधड़ी, धमकी या किसी अन्य परेशानी में शामिल था। मामले की जांच जारी है