UP News: डिडौली कोतवाली क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में घुसकर तीन लोगों ने मैनेजर को गोली मार दी। मारपीट कर घायल भी कर दिया। देर शाम पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पाकबड़ा के मोहल्ला नये डाकघर निवासी भरत कुमार गुप्ता क्षेत्र के हटवा गांव स्थित फैक्ट्री के मैनेजर हैं। शुक्रवार शाम वह फैक्ट्री में मौजूद थे। आरोप है कि करनपुर गांव निवासी फहीम, मोहम्मद शाद और शारिक फैक्ट्री में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन पर हमला कर दिया।
बीच बचाव करने आई महिला प्रोजेक्ट मैनेजर को पकड़ लिया और गलत नीयत से धक्का दे दिया। शोर मचाने पर उन लोगों ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली भरत कुमार गुप्ता के कंधे के आर-पार हो गई। आरोपियों ने पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और गला भी दबाया। फैक्ट्री के सुरक्षा गार्ड और अन्य कर्मचारियों ने घायल मैनेजर भरत कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक हरीशवर्धन सिंह ने बताया कि फहीम, मोहम्मद शाद और शारिक के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।