Up News: मुबारकपुर तालान गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेतों में गेहूं की कटाई कर रहे किसानों पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुई इस घटना में पांच किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडे लेकर खेतों की ओर दौड़ पड़े और तेंदुए को जंगल की ओर भगाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि तेंदुआ काफी देर तक खेतों के पास घूमता रहा, लेकिन ग्रामीणों के शोर मचाने पर वह झाड़ियों में छिप गया और फिर जंगल की ओर भाग गया।
घायलों की पहचान जाबिद (22), नौशाद (32), अलीम (19), सुल्तान (24) और इबादुर (34) के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ अचानक झाड़ियों से निकलकर आया और खेत में काम कर रहे मजदूरों पर हमला कर दिया। वे कुछ समझ पाते इससे पहले उसने एक-एक कर किसानों पर हमला कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए जंगल में पिंजरा लगाने का काम शुरू कर दिया है। जिले में तेंदुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले में तेंदुओं ने आतंक मचा रखा है।