Up News: मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां छपार थाना क्षेत्र के बिजोपुरा गांव में एक हत्या के मामले में मुख्य गवाह को कथित तौर पर पांच लोगों ने गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई| पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान सलमान (35) के रूप में हुई है जो अपने भाई जैद की हत्या के मामले में मुख्य गवाह था।
जैद की चार साल पहले मेरठ में हत्या कर दी गई थी और यह मामला मेरठ की ही एक अदालत में विचाराधीन है। पुलिस क्षेत्राधिकारी देवव्रत बाजपेयी ने बताया कि इरफान और उसके चार साथियों कालिया, मोहम्मद अली, नईमुद्दीन और फाजिल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। ये सभी मेरठ जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है। सलमान के भाई नौशाद द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी सलमान पर गवाह के तौर पर अपना नाम वापस लेने का दबाव बना रहे थे, लेकिन उनके भाई ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। पुलिस ने बताया कि शनिवार को उसे बिजोपुरा गांव के जंगल में ले जाया गया, जहां उसे गोली मार दी गई। पुलिस ने बताया कि रविवार को उसका शव बरामद होने के बाद उसकी पहचान की गई।
Tags: